05-Feb-2026
...


:: दुष्कर्म कांड के बाद जागा प्रशासन : बिना लाइसेंस चल रही सेवाओं पर प्रहार, ऐप बंद कराने पुलिस को लिखा पत्र :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म की जघन्य घटना के बाद प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित हो रही बाइक टैक्सी सेवाओं के विरुद्ध कड़ा शिकंजा कस दिया है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर रैपिडो कंपनी की 12 बाइक टैक्सियों को जब्त किया। यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि रैपिडो के पास वर्तमान में इंदौर में संचालन के लिए कोई वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं है। एआरटीओ अर्चना मिश्रा और राजेश गुप्ता के नेतृत्व में आरटीओ टीम ने इस कार्रवाई के लिए एक विशेष रणनीति अपनाई। विभागीय कर्मचारियों ने मोबाइल ऐप के जरिए खुद राइड बुक की और जैसे ही चालक बताए गए पते पर पहुँचे, टीम ने उन्हें घेर लिया और वाहनों को जब्त कर लिया। :: ऐप बंद कराने के लिए पुलिस को पत्र :: परिवहन विभाग ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) को पत्र भेजकर रैपिडो ऐप को तत्काल प्रतिबंधित करने का अनुरोध किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कंपनी को कोई ट्रेड लाइसेंस जारी या नवीनीकृत नहीं किया गया है, इसके बावजूद ऐप के माध्यम से अवैध सेवाएं संचालित की जा रही हैं। रैपिडो ट्रांसपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। :: सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल :: गौरतलब है कि इसी सप्ताह एक रैपिडो चालक द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद शहर में भारी आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। एआरटीओ ने बताया कि वर्ष 2021 से 2024 के बीच कई बार ऐप बंद कराने के लिए पत्राचार किया गया, लेकिन प्रभावी नियंत्रण न होने से ये सेवाएं जारी रहीं। अब पुलिस के सायबर सेल की मदद से ऐप के तकनीकी संचालन पर रोक लगाने की तैयारी है ताकि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो।