जबलपुर (ईएमएस)। नगर निगम के सतत प्रयासों से वर्षों बाद शहर के ऐतिहासिक 5.5 हेक्टेयर अर्थात 13 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित ’सूरजताल’ तालाब के कायाकल्प तेज गति से किया जा रहा है। इस तालाब को संवारने के लिए निगमायुक्त आर.पी. अहिरवार ने 28 दिनों से 1 बड़ी हिटाची, 4 मिनी हिटाची, 1 नाव, 1 डोंगी और पर्याप्त संख्या में सफाई मित्रों को लगाकर तालाब की सूरत बदलने और पुरानी विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी को देने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तालाब में 1 लाख 50 हजार क्यूबिक पानी संग्रहण करने की क्षमता है। यह तालाब शहर के नागरिकों के लिए बरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि अब सुबह की पहली किरण के साथ सूर्य भगवान का प्रतिबिंब और जल का संगम एक बेहद मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करने लगा है। इस प्राकृतिक सौंदर्य को सहेजने और तालाब को उसका पुराना गौरव वापस दिलाने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के द्वारा जमीनी स्तर पर प्रयास प्रारंभ कर दिये गए हैं। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि तालाब की भूमि का तत्काल सीमांकन किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि तालाब के जलग्रहण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसीलदार और पटवारी की टीम के साथ तालमेल बैठाकर अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सुनील साहू / मोनिका / 05 फरवरी 2026/ 06.03