:: कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई; पालदा से खुडैल तक हड़कंप, अवैध रिफिलिंग और स्टॉक में मिली भारी गड़बड़ी :: इंदौर (ईएमएस)। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, रिफिलिंग और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने निर्णायक अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के कड़े रुख के बाद जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई कर गैस एजेंसी संचालक, हॉकर और वाहन चालक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराए हैं। इस कार्रवाई से जिले के गैस वितरकों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप व्याप्त है। :: एजेंसी की आड़ में चल रहा था काला खेल :: जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू के मार्गदर्शन में हुई जांच के दौरान मेसर्स अरिहंत गैस एजेंसी (पालदा) के प्रोपराइटर विवेक जैन, हॉकर मिथुन कलमे और चालक दीपक पिप्लोदे को गंभीर अनियमितताओं में लिप्त पाया गया। जांच दल ने पाया कि न केवल गैस स्टॉक में भारी अंतर था, बल्कि सुनियोजित तरीके से अवैध परिवहन और रिफिलिंग को अंजाम दिया जा रहा था। थाना तिलक नगर और आजाद नगर में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। :: रंगे हाथों पकड़ी गई गैस चोरी :: प्रशासन को पिपल्याहाना क्षेत्र में नारायणी हॉस्पिटल के सामने गैस अंतरण (चोरी) की गोपनीय शिकायत मिली थी। सूचना की तस्दीक करते हुए टीम ने वाहन क्रमांक MP 09 LQ 9331 को घेराबंदी कर पकड़ा। मौके पर आरोपी सिलेंडरों से गैस निकालते पाए गए। तौल करने पर सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस मिली, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है। मौके पर डिलीवरी से संबंधित कोई भी वैधानिक दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके। :: रिहायशी इलाके में बम पर बैठी थी आबादी :: कार्रवाई का दूसरा बड़ा हिस्सा खुडैल क्षेत्र के दयालु नगर में सामने आया। यहाँ मोहम्मद हुसैन और साईन बी द्वारा इलेक्ट्रिक मोटर के माध्यम से घरेलू सिलेंडरों से वाहनों में गैस भरी जा रही थी। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में बिना किसी सुरक्षा उपकरण या अग्निशमन यंत्र के 100 किलोग्राम से अधिक गैस का अवैध भंडारण पाया गया। बिना बिल के सिलेंडर खरीदने और मेनीफोल्ड अनुमति न होने पर थाना खुडैल में मामला दर्ज किया गया। :: मुस्तैद रही अधिकारियों की टीम :: इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में वरिष्ठ सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती कल्पना परमानिक और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी महादेव मुवेल की मुख्य भूमिका रही। आपूर्ति विभाग ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रकाश/05 फरवरी 2025