2.5 करोड़ राशि की लागत से गुरंदी में एक भव्य और व्यवस्थित मछली मार्केट बनकर है तैयार जबलपुर (ईएमएस)। शहर के मछली कारोबारियों को बहुत शीघ्र नगर निगम द्वारा एक व्यवस्थित मार्केट की सौगात दी जायेगी। इस संबंध में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मत्स्योद्योग विभाग के सहायक संचालक राजाराज तिलक धुर्वे, अपर आयुक्त श्रीमती अंजू सिंह ठाकुर, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे, संभागीय अधिकारी मयंक चौरसिया आदि के साथ बैठक कर निर्णय लिया और बताया कि नगर निगम जबलपुर द्वारा गुरंदी क्षेत्र में एक आधुनिक और व्यवस्थित मछली मार्केट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड हैदराबाद द्वारा प्रदत्त 2.5 करोड़ रुपये की लागत से कराये गए हैं। यहॉं पर बने मार्केट में व्यापारियों को अब एक छत के नीचे बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और व्यापारी स्वभिमान के साथ अपना व्यापार कर सकेगें। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि नवनिर्मित मार्केट में 50 दुकाने बनकर आवंटन के लिए तैयार है। शहर के मछली व्यापारियों पहले आओ, पहले पाओ के सिद्धांत पर दुकानों का आवंटन किया जायेगा। शहर की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा गुरंदी क्षेत्र में एक व्यवस्थित मछली मार्केट का निर्माण कराया गया है। इस संबंध में उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों के किनारे खुले में मॉंस, मछली विक्रय करना शासन द्वारा पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। अब यदि कोई व्यापारी सड़क किनारे खुले में मछली का क्रय-विक्रय करते पाया जायेगा तो उसके विरूद्ध नगर निगम द्वारा जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इस लिए निगमायुक्त श्री अहिरवार ने शहर के सभी मछली कारोबारियों से अपील की है कि पहले आओ, पहले पाओं के सिद्धांत पर आकर गुरंदी में नवनिर्मित मछली मार्केट में दुकानों का आवंटन प्राप्त करें और स्वाभिमान के साथ व्यापार कर स्वच्छता अभियान में प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। सुनील साहू / मोनिका / 05 फरवरी 2026/ 06.03