पौड़ी (ईएमएस)। पौड़ी गढ़वाल में जिला स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड-मानक प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, प्रो. बलवंत सिंह बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट एवं खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी गढ़वाल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। मुख्य अतिथि रचना बुटोला ने कहा कि इन्स्पायर अवार्ड योजना बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। प्रो. बिष्ट ने इसे भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट ने विद्यार्थियों से निरंतर प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और सीखते रहने का आह्नान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य वेदप्रकाश डोभाल ने की तथा संचालन भवान सिंह नेगी व उषा रावत ने संयुक्त रूप से किया।प्रतियोगिता के प्रथम दिन कल्जीखाल, जयहरीखाल, पोखड़ा, एकेश्वर, पाबौ, कोट, खिर्सू व पौड़ी से आए 64 बाल वैज्ञानिकों ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। द्वितीय दिवस को नैनीडांडा, वीरोंखाल, यमकेश्वर, थलीसैंण, द्वारीखाल, रिखणीखाल व दुगड्डा के प्रतिभागी नवाचार प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक मंडल में पारूल (एनआईएफ), नवेंद्र नेगी एवं अखिलेश घिल्डियाल शामिल रहे। कार्यक्रम में जिला समन्वयक देवेंद्र सिंह रावत सहित अनेक शिक्षक व समन्वयक उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/05 फरवरी 2026