राज्य
05-Feb-2026


ऋषिकेश (ईएमएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ गद्दार शब्द का प्रयोग करने पर सियासत गरमा गई है। तीर्थनगरी ऋषिकेश में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस बयान को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की अमर्यादित और अभद्र भाषा शोभा नहीं देती। भाजपा नेताओं का तर्क है कि रवनीत सिंह बिट्टू जैसे सम्मानित नेता के लिए गद्दार शब्द का उपयोग करना न केवल उनका अपमान है, बल्कि यह कांग्रेस की हताशा को भी दर्शाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि राहुल गांधी अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेता अपनी भाषा में सुधार नहीं करते हैं, तो भाजपा सड़क से सदन तक अपना विरोध जारी रखेगी। भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल और ऋषिकेश अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सतीश सिंह का कहना है कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी केंद्रीय मंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग करना स्वीकार्य नहीं है। राहुल गांधी को अपनी भाषा की मर्यादा समझनी चाहिए। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/05 फरवरी 2026