राज्य
05-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) कर्ज से परेशान एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक दूध का व्यवसाय करता था और उस पर करीब 20 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। मामले में यह बात सामने आई है कि वह क्रिकेट और अन्य सट्टेबाजी के कारण इतनी बड़ी राशि का कर्जदार हो गया था। मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार उसने मृत्यु पूर्व बयान में कर्जदारों के नामों की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम आकाश पिता कमल तिवारी, निवासी बागड़दा है उसने कल बड़ा गणपति के पास जहर खा लिया था। उसे उपचार के लिए नजदीकी बांठिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया है। आकाश ने अस्पताल में दिए गए बयान में संजय उर्फ संजू पंवार, पम्मी, हरी सोनी, नरेंद्र की पत्नी और एक क्रिकेट बुकी का नाम बताया था। फिलहाल पुलिस ने आकाश का मोबाइल जब्त कर जांच में ले लिया है। पूछताछ में पुलिस को परिजनों ने बताया कि आकाश दूध बांटने का काम करता था। आकाश पर काफी कर्ज हो गया था, जिसके चलते कर्जदार उसे परेशान कर रहे थे। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुशवाह के अनुसार आकाश के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुछ लोगों द्वारा कर्ज दिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। कोई सुसाइड नोट सामने नहीं आया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आनंद पुरोहित/ 05 फरवरी 2026