-यदि सबूत हैं तो सामने लाएं सरकार कार्रवाई करने को तैयार पटना,(ईएमएस)। बिहार में नीट की तैयारी कर रही छात्रा से जुड़े मामले ने राजनीतिक हलकों में सनसनी मचा दी है। इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास इस मामले से जुड़े कोई ठोस सबूत हैं, तो उन्हें सामने लाया जाए। सरकार 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने को तैयार है। दरअसल पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई और विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी। सम्राट चौधरी ने राबड़ी देवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस सरकार को किसी से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अपराध साबित होता है, तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, राजनीति करने के बजाय विपक्ष को तथ्यों के साथ बात करनी चाहिए। कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि पीड़ित के साथ सरकार खड़ी है और जांच एजेंसियां पूरी गंभीरता से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दोष साबित होने पर 24 घंटे के भीतर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नीट छात्रा का मामला अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। विपक्ष जहां सरकार पर दबाव बनाने में जुटा है, वहीं सरकार त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिला रही है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26