चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु की राजधानी में चेन्नई में बर्ड फ्लू का अलर्ट जारी किया गया है। चेन्नई में सैकड़ों कौवे मरे हुए पाए गए हैं। लैब टेस्ट में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। टेस्ट में कौवों की मौत की वजह एच5एन1 यानी बर्ड फ्लू बताई गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि एच5एन1 वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कौवों और पोल्ट्री के सभी शवों को बायोसिक्योरिटी प्रोटोकॉल के अनुसार या तो जला दिया जाए या गहरे गड्ढे में दफना दिया जाए। अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने, प्रभावित क्षेत्रों में पक्षियों की आवाजाही कम और संबंधित प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल लागू करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से पक्षी की मौत की सूचना देने और मृत पक्षियों या जानवरों को हाथों से न छुने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को कहा गया है कि संक्रमण रोकने के लिए संक्रमित पक्षियों के शवों को कम से कम 8 फीट गहरे गड्ढे में सुरक्षित रूप से दफनाया जाए। विनोद उपाध्याय / 06 फरवरी, 2026