जींद,(ईएमएस)। तीन दिन की हड़ताल के बाद गुरुवार को पटवारी काम पर लौट आए। हड़ताल खत्म होते ही पटवार भवन में दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग इंतकाल, जमाबंदी और विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पटवारी कार्यालय पहुंचे। तीन दिन की हड़ताल के दौरान संबंधित कार्य रुके हुए थे, जिन्हें अब पटवारी दिनभर की मेहनत से निपटा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह काम जल्द ही पूरी तरह निपट पाएंगे। हड़ताल के कारण ई-गिरदावरी का काम शुरू नहीं हो सका। जिले में प्रतिदिन इंतकाल और जमाबंदी से संबंधित लगभग एक हजार से ज्यादा काम होते हैं, जबकि जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं के लिए भी पटवारी की रिपोर्ट जरूरी होती है। हड़ताल के दौरान इन सभी कामों में रुकावट आई थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल खत्म होने की जानकारी मिलते ही लोग पटवार भवन पहुंचे। कुछ लोग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी पहुंचे। कई कार्यालयों में भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। दी रेवेन्यू पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष सन्नी पटवारी ने मीडिया को बताया कि हड़ताल खत्म हो चुकी है और पटवारी काम पर लौट चुके हैं। पहले दिन काफी भीड़ रही, लेकिन तीन दिन से रुके हुए काम अब निपटा लिए जाएंगे। हिदायत/ईएमएस 06फरवरी26