06-Feb-2026
...


- कलेक्टर ने व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश गुना (ईएमएस)।रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन कार्य शनिवार से प्रारंभ होने जा रहा है। शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पाण्डेय सहित जिले के समस्त कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मौजूद रहे। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा जिले में किसान पंजीयन हेतु 35 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जो ई-उपार्जन पोर्टल पर स्थापित हैं। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है और पंजीयन की यह प्रक्रिया 7 मार्च तक चलेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, शीतल पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। किसानों के लिए सहकारी समितियों के केंद्रों पर पंजीयन पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा, जबकि एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर और लोकसेवा केंद्रों पर 50 रुपये शुल्क देकर पंजीयन कराया जा सकता है। पंजीयन हेतु किसान का नाम, आधार नंबर, बैंक खाता विवरण, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और समग्र आईडी का होना अनिवार्य है। साथ ही किसान विक्रय हेतु नॉमिनी भी नियुक्त कर सकते हैं जिसके लिए नॉमिनी का आधार देना होगा। सत्यापन की प्रक्रिया बायोमेट्रिक अथवा ओटीपी के माध्यम से पूर्ण की जाएगी। बैठक में धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 की भी समीक्षा की गई। इसके तहत जिले के चयनित 229 ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति के प्रत्येक वंचित परिवार को प्राथमिकता के आधार पर गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। सीताराम नाटानी