- उत्कृष्ट विद्यालय मुरार में हुआ जिला स्तरीय आयोजन ग्वालियर ( ईएमएस ) | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार 6 फरवरी को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों से संवाद किया। इसके साथ ही परीक्षा से जुड़े तनाव और शंकाओं का समाधान भी किया। सम्पूर्ण प्रदेश के विद्यालयों में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिला मुख्यालय पर भी जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उमावि क्र.-1 मुरार में आयोजित किया गया। ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सतेन्द्र सिंह घुरैया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती पुष्पा ढोड़ी, सहायक परियोजना समन्वयक जे पी व्यास, प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय श्री प्रबुद्ध गर्ग, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विद्यार्थियों से कहा कि सपनों को देखना जरूरी है परंतु उसे पूरा करने के लिये कर्म भी करना होगा। महापुरुषों की जीवनी पढ़नी होंगीं ताकि पता चल सके कि कितनी मेहनत से आगे बढ़ा जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने देश में निर्मित वस्तुओं का गौरव करना होगा तभी सम्पूर्ण विश्व गौरव करेगा। नई-नई टेक्नोलॉजी का सही उपयोग करके ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उपस्थित होकर परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को गंभीरता से सुना।