राज्य
06-Feb-2026
...


:: गोल्डन आवर में अस्पताल पहुँचाने वालों का होगा सम्मान; पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की समन्वय बैठक में बनी रणनीति :: इंदौर (ईएमएस)। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने और घायलों को गोल्डन आवर में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की ‘‘राह वीर योजना’’ अब इंदौर में प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है। इस योजना के तहत दुर्घटना पीड़ित की जान बचाने वाले मददगार व्यक्ति को शासन की ओर से 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। योजना के सफल क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। :: इंसानियत दिखाने पर मिलेगा नकद इनाम :: पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में बताया गया कि अक्सर लोग पुलिसिया कार्रवाई या कानूनी झमेलों के डर से घायल की मदद करने से कतराते हैं। राह वीर योजना इसी झिझक को दूर करने के लिए शुरू की गई है। योजना के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सड़क हादसे के शिकार व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाता है, तो उसे केवल अपनी बुनियादी जानकारी अस्पताल में दर्ज करानी होगी। इसके बाद शासन द्वारा उसे प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। :: हिट एंड रन के पीड़ितों को भी बड़ी राहत :: बैठक में हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना 2022 पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इसके अंतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने पर 50,000 रुपये और मृत्यु की स्थिति में मृतक के वैध परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे इन योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। :: प्रशासन और अस्पतालों के बीच बना समन्वय :: बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हसानी, एआरटीओ राजेश गुप्ता और एडिशनल डीसीपी (मुख्यालय) सीमा अलावा सहित शहर के प्रमुख अस्पतालों - अरविंदो, बॉम्बे, चोइथराम, एमवायएच और जूपिटर के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान थानों के पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया कि वे मददगार व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। प्रशासन ने अपील की है कि आओ मदद का हाथ बढ़ाएं, चलो किसी की जिंदगी बचाएं के संकल्प के साथ इस अभियान को जन-आंदोलन बनाएं। प्रकाश/6 फरवरी 2026