राज्य
06-Feb-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शुक्रवार को गांधीनगर में भारत में आयरलैंड के राजदूत केविन केली ने शिष्टाचार मुलाकात की। गुजरात की अपनी इस पहली यात्रा में उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ बैठक में भारत और आयरलैंड के बीच ऐतिहासिक समानताओं पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात और आयरलैंड, दोनों सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हैं और सांस्कृतिक विरासत को महत्व देते हैं। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि डबलिन में भारतीय दूतावास द्वारा दो वर्ष पहले आयोजित स्टेट कल्चरल इवेंट सीरिज में गुजरात पर फोकस किया गया था। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बैठक में गुजरात और आयरलैंड के बीच परस्पर हित के क्षेत्रों के रूप में एयरक्राफ्ट लीजिंग, सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, फाइनेंशियल सर्विसेज और शिक्षा में सहयोग को लेकर चर्चा-परामर्श किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुई वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में आयरलैंड के शिष्टमंडल को सहभागी होने का आमंत्रण भी दिया, जिसे आयरलैंड के राजदूत ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस शिष्टाचार मुलाकात बैठक में उद्योग विभाग की अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, उद्योग आयुक्त पी. स्वरूप भी मौजूद रहे। सतीश/06 फरवरी