व्यापार
06-Feb-2026


सेंसेक्स 266 अंक चढ़ा, निफ्टी 25600 के पार नई दिल्ली(ईएमएस)। आरबीआई की एमपीसी फैसलों के एलान के बाद भारतीय बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। आरबीआई ने उम्मीद के मुताबिक बेंचमार्क ब्याज दर को अपरिवर्तित रखा। साथ ही रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए वित्तपोषण का दायरा बढ़ाने के प्रस्ताव से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। केंद्रीय बैंक ने रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट्स को बैंकों से कर्ज देने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है, हालांकि इसके लिए कुछ प्रूडेंशियल सेफगाड्र्स लागू होंगे। इस कदम का उद्देश्य रियल एस्टेट सेक्टर के लिए फंडिंग पूल को गहरा करना और दीर्घकालिक निवेश को प्रोत्साहन देना है। नीति निर्णय अनुमान के अनुरूप रहने से बाजार में अनिश्चितता घटी, जबकि आरईआईटी को कर्ज सुविधा से संबंधित घोषणा ने रियल एस्टेट और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी को समर्थन दिया। अंतिम समय में हुई खरीदारी की बदौलत, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 266.47 अंक या 0.32 प्रतिशत बढक़र 83,580.40 पर बंद हुआ। दिन के निचले स्तर 82,925.35 से यह सूचकांक कारोबार के अंत तक 655.05 अंक चढ़ गया। अस्थिर सत्र में 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 50.90 अंक या 0.20 प्रतिशत चढक़र 25,693.70 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 36 पैसे गिरकर 90.70 (अस्थायी) पर बंद हुआ। आरबीआई ने ब्याज दरों को 5.25 पर रखा बरकरार भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को उम्मीद के मुताबिक अपनी बेंचमार्क ब्याज दर को अपरिवर्तित रखा, क्योंकि मुद्रास्फीति नियंत्रण योग्य स्तर पर बनी रही और बजट में सरकारी खर्च में वृद्धि और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बाद टैरिफ दबाव में कमी के कारण विकास संबंधी चिंताएं कम हो गईं। केंद्रीय बैंक की छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने सर्वसम्मति से पुनर्खरीद या रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर बनाए रखने का निर्णय लिया। आरबीआई ने अपनी तटस्थ नीतिगत स्थिति बरकरार रखी, जिससे संकेत मिलता है कि फिलहाल यह यथास्थिति बनाए रखेगी। विनोद उपाध्याय / 06 फरवरी, 2026