क्षेत्रीय
06-Feb-2026
...


-मरीजों ने की अस्पताल अधीक्षक से शिकायत भोपाल (ईएमएस) । भोपाल के हमीदिया अस्पताल में एक शातिर ठग ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से डॉक्टर बनकर बेहतर इलाज और सुरक्षित ऑपरेशन का झांसा देकर रकम की डिमांड की तथा क्यूआर कोड भेजकर ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर करवा लिये। उसने हर एक परिवार से 7 से 10 हजार रुपए तक की वसूली की। भरोसे में आकर कई लोगों ने रकम ट्रांसफर कर दी, जिसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। मामले में अस्पताल के स्टाफ की मिलीभगत भी सामने आई है, जो मरीजों की मेडिकल कंडीशन से जुड़ी जानकारी ठग को उपलब्ध कराता था। इसी जानकारी के आधार पर आरोपी फोन करता था, जिससे परिजन झांसे में आ जाते थे। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र खाकरे को गुरुवार को इंदौर से गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम उसे भोपाल के कोहेफिजा थाने लाया गया। इसके बाद हमीदिया अस्पताल प्रबंधन और ठगी का शिकार बने मरीज एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे। लगभग एक सप्ताह पहले एक मरीज ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन से ठगी की शिकायत की थी। इसके अगले ही दिन दूसरे मरीज के परिजन भी शिकायत लेकर पहुंचे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच में सामने आया कि जनवरी से अब तक करीब 10 मरीजों को इसी तरह ठगा जा चुका है। उन्होंने बताया कि किसी ने डॉक्टर बनकर फोन किया और बेहतर इलाज के नाम पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद कॉल रिसीव नहीं कर रहा है। इसके बाद पूरे मामले की सूचना साइबर क्राइम और क्राइम ब्रांच को दी गई। जुनेद/06 फरवरी2026