मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड एक्टर सनी देओल और अक्षय खन्ना लगभग 29 साल बाद फिर से एक साथ पर्दे पर नजर आने वाले हैं। दोनों की जोड़ी ने 90 के दशक में कई यादगार फिल्मों में काम किया था। नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित ड्रामा फिल्म ‘इक्का’ से अब दर्शकों को एक बार दोनों से फिर उसी दमदार केमिस्ट्री की उम्मीद है। फिल्म में दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम और संजीदा शेख जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स के एक कार्यक्रम में अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके अधिकतर सीन सनी देओल के साथ थे। एक दिन शूटिंग के दौरान सनी देओल का क्लोज-अप खत्म हो चुका था और उनका क्लोज-अप चल रहा था। तभी दो मक्खियां सनी देओल की आंखों के पास मंडराने लगीं। एक मक्खी उड़ गई, लेकिन दूसरी आकर उनकी आंख की वॉटरलाइन पर बैठ गई। इसके बावजूद सनी देओल शांत रहे और उन्होंने शॉट कट नहीं किया। तिलोत्तमा ने बताया कि वह खुद परेशान हो रही थीं और जल्दी से अपना डायलॉग खत्म करने की कोशिश कर रही थीं क्योंकि मक्खी लगातार रेंग रही थी। जब शॉट पूरा हुआ, तो तिलोत्तमा ने उनसे पूछा कि उन्होंने कट क्यों नहीं कहा। इस पर सनी ने बहुत सहजता से जवाब दिया, “मैं अपना टेक खराब नहीं करना चाहता था।” अभिनेत्री ने कहा कि इतने वर्षों के अनुभव के बावजूद सनी देओल की प्रोफेशनलिज़्म और उदारता उन्हें बेहद प्रभावित करती है। आम तौर पर कलाकार असहज होने पर तुरंत कट बोल देते हैं, लेकिन सनी ने ऐसा नहीं किया। उनकी यह समर्पण भावना देखकर तिलोत्तमा भावुक हो गईं। ‘इक्का’ एक कोर्टरूम थ्रिलर है, जिसकी कहानी एक ईमानदार और मशहूर वकील के इर्द-गिर्द घूमती है। उसे एक ऐसे हत्या आरोपी का केस लड़ना पड़ता है, जिसके करियर को उसने वर्षों पहले खुद बर्बाद कर दिया था। वकील जानता है कि यह केस उसके जीवन और करियर दोनों के लिए निर्णायक है, इसलिए जीतने के लिए उसे सही और गलत—दोनों तरह के तरीके अपनाने पड़ते हैं। अगर वह हार गया, तो उससे सब कुछ छिन सकता है। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा निर्देशित ‘इक्का’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। दर्शक इस फिल्म में सनी और अक्षय की जोड़ी को फिर से देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। बता दें कि नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित ड्रामा फिल्म ‘इक्का’ जल्द ही दर्शकों के सामने होगी। सुदामा/ईएमएस 07 फरवरी 2026