मनोरंजन
07-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ भारतीय कला, संगीत और सिनेमा की विरासत को सम्मान देने के लिए अक्सर आगे आते हैं। हाल ही में उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी इसका एक खूबसूरत उदाहरण रही, जहां उन्होंने महान कलाकारों और यादगार चेहरों को भावपूर्ण तरीके से याद किया। अभिनेता ने सबसे पहले हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के दिग्गज पंडित भीमसेन जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपनी इंस्टा स्टोरी में उन्होंने जोशी की भावनाओं से भरी तस्वीरें साझा कीं और बैकग्राउंड में उनका प्रसिद्ध भजन ‘माझें माहेर पंढरी’ लगाया। इससे साफ झलकता है कि जैकी श्रॉफ भारतीय संगीत की परंपरा और इसके महान कलाकारों को कितना सम्मान देते हैं। इसके बाद उन्होंने अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के जन्मदिन पर एक खूबसूरत वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में उर्मिला की कई पुरानी तस्वीरें शामिल थीं, जिनमें उनकी मुस्कान और मासूमियत देखने लायक थी। इस पोस्ट के साथ जैकी ने फिल्म ‘रंगीला’ का मशहूर गीत ‘तनहा तनहा यहां पे जीना’ जोड़ा, जिसने उर्मिला के करियर को नई पहचान दी थी। इतना ही नहीं, जैकी श्रॉफ ने दिग्गज अभिनेता और डांसर भगवान दादा की 24वीं पुण्यतिथि पर भी उन्हें याद किया। उन्होंने उनकी एक क्लासिक क्लिप शेयर की, जिसमें ‘शोला जो भड़के’ गीत सुनाई दे रहा था एक ऐसा गाना जिसने भगवान दादा को सिनेमा इतिहास में अमर कर दिया। इन तीनों पोस्ट में जैकी श्रॉफ का भारतीय कला के प्रति सम्मान, उनकी संवेदनशीलता और सिनेमा की जड़ों से जुड़ाव स्पष्ट झलकता है। वे सिर्फ अभिनेता नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के प्रशंसक भी हैं। हाल ही में जैकी श्रॉफ ने अपना 69वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनकी बेटी कृष्णा श्रॉफ, निर्देशक सुभाष घई, अभिनेता सुनील शेट्टी समेत कई कलाकारों ने उन्हें सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दीं। कृष्णा श्रॉफ ने पापा की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे, मेरे रक्षक। पापा, मैं आपको पूरे दिल से प्यार करती हूं।” सुनील शेट्टी ने जैकी के साथ अपनी एक खास तस्वीर शेयर की और लिखा, “मेरे हीरो को जन्मदिन की शुभकामनाएं… आपका दिल आपकी लीजेंडरी पर्सनैलिटी से भी बड़ा है।” सुभाष घई ने जैकी को कविता के साथ बधाई दी “गौरव वो नहीं जिसका बाप बड़ा होता है, गौरव वो है जो खुद के पांव पर खड़ा होता है…”। सुदामा/ईएमएस 07 फरवरी 2026