मुंबई (ईएमएस)। वेब सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ को लेकर नेटफ्लिक्स के विशेष कार्यक्रम में अभिनेता विजय वर्मा ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए कई मायनों में यादगार है। उन्होंने पहली बार अपने पसंदीदा निर्देशक हंसल मेहता के साथ काम किया है, जिसे वह अपने करियर का खास अनुभव मानते हैं। इस कार्यक्रम में वेब सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ की पूरी स्टार कास्ट ने हिस्सा लिया, जहां कलाकारों ने अपने अनुभव साझा किए और टीमवर्क की सराहना की। इस दौरान अभिनेता विजय वर्मा और अनिल कपूर सबसे ज्यादा चर्चा में रहे, जिन्होंने न सिर्फ प्रोजेक्ट के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया, बल्कि सह-कलाकारों की प्रशंसा भी की। एक्टर विजय ने कहा, “हंसल सर ने कमाल का काम किया है। उनका काम करने का तरीका बिल्कुल मॉडर्न है। इस सीरीज में मेरा किरदार बेहद खास है। पहली बार मैंने विक्रम के साथ स्क्रीन शेयर की और अनिल तो हमेशा की तरह एवरग्रीन हैं। सबसे उदार, सबसे डैशिंग और सबसे कम उम्र के एक्टर जिनके साथ मैंने काम किया। उनकी एनर्जी देखकर मजा आ जाता है।” उन्होंने आगे कहा कि रिया और नंदीश के साथ काम करना भी शानदार अनुभव रहा। “इस प्रोजेक्ट में कई चीजें मेरे लिए ‘पहली बार’ हुईं, जो इसे और खास बनाती हैं,” विजय ने हंसते हुए कहा। दूसरी तरफ, अनिल कपूर ने भी मंच पर अपनी खुशी और उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उन्होंने शो की होस्ट जैमी लिवर की बेहद तारीफ की और कहा, “जैमी, मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं। याद है, मैंने आपको सबसे पहले कॉल किया था जब आपने अपना करियर शुरू भी नहीं किया था।” जैमी की प्रतिभा की अनिल ने खुले दिल से सराहना की। इसके बाद अनिल कपूर ने पूरी टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “यहां मौजूद सभी लोग—विजय, हंसल, विक्रम, प्रोड्यूसर, मेरा पुराना दोस्त आकाश और बाकी कलाकार—सभी के साथ काम करके बहुत मजा आया। ये युवा कलाकार मुझे कड़ी टक्कर दे रहे हैं। मैं हमेशा कहता हूं कि मेरा मुकाबला बढ़ता जा रहा है। इनके साथ काम करके मैं खुद को जवान महसूस करता हूं।” सुदामा/ईएमएस 07 फरवरी 2026