राज्य
07-Feb-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस) ।फिरोजाबाद के लाइनपार थाना क्षेत्र स्थित छारबाग के स्वर्गाश्रम में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक हादसे में 60 वर्षीय साधु बाबा रामदास की जिंदा जलकर मौत हो गई। ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव की चिंगारी उनकी कुटी तक पहुंच गई, जिससे आग लग गई और असहाय अवस्था में सो रहे बाबा उसकी चपेट में आ गए। शनिवार सुबह कुटी से धुएं और जले हुए सामान की गंध आने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबा रामदास सांस की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। बीमारी के चलते वे ठीक से चलने-फिरने और उठने-बैठने में भी असमर्थ थे। वे स्वर्गाश्रम परिसर में स्थित भगवान राधा-कृष्ण मंदिर के पास बनी एक छोटी कुटी में अकेले रहते थे और जमीन पर बिस्तर लगाकर सोते थे। ठंड अधिक होने के कारण उन्होंने कुटी के पास अलाव जलाया था। आशंका जताई जा रही है कि देर रात अलाव से उड़ी चिंगारी उनके बिस्तर पर जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि बीमारी और कमजोरी के कारण बाबा समय रहते आग से बच नहीं पाए और कुटी में ही झुलस गए। रात के सन्नाटे में किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब आसपास के लोगों ने बाबा को न दिखाई देने पर कुटी में झांककर देखा तो अंदर का दृश्य देख सन्न रह गए। बाबा का शव जली अवस्था में पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कुटी का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा रामदास करीब एक वर्ष पहले ही स्वर्गाश्रम आए थे और शांत स्वभाव के थे। उनकी दर्दनाक मौत से आश्रम परिसर और इलाके में शोक का माहौल है।