- CSPDCL ने शुरू की नई डिजिटल सुविधा रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगा। उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने यह नई डिजिटल सेवा शुरू की है, जिसके तहत बिजली बिल पीडीएफ फॉर्मेट में भेजा जाएगा। व्हाट्सएप पर प्राप्त बिल को उपभोक्ता अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे। साथ ही संदेश में ही ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी दिया जाएगा, जिससे बिल भुगतान प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी। प्रदेश में करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी में रजिस्टर्ड हैं। इनमें करीब 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं। कंपनी इन उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के जरिए बिजली बिल भेजेगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिल केवल CSPDCL की आधिकारिक और वेरीफाइड व्हाट्सएप आईडी से भेजा जाएगा, जिस पर ब्लू टिक होगा। इसके साथ आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 रहेगा, ताकि उपभोक्ता फर्जी संदेशों से सतर्क रह सकें। कंपनी के अनुसार मीटर रीडिंग दर्ज होते ही उपभोक्ताओं को पूरा डिटेल बिल व्हाट्सएप पर पीडीएफ के रूप में मिल जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध रहेगी, जिसके लिए उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ ऐप में अपनी भाषा प्राथमिकता चुन सकते हैं। जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या ‘मोर बिजली’ ऐप के जरिए नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देना जरूरी होगा। कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 फरवरी 2026