क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस ) समीपस्थ करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी के समीप आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर शनिवार एक बड़ा हादसा हो गया। मिल्क पाउडर से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक RJ 17 GA 7204 महाराष्ट्र से कानपुर की ओर जा रहा था। शनिवार करीब 11:30 बजे भाटखेड़ी गांव के पास अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक डिवाइडर के पास असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसके इंजन हिस्से से चिंगारी निकली और कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी। ट्रक में बड़ी मात्रा में मिल्क पाउडर भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। हादसे के दौरान चालक और क्लीनर ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। उन्हें मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही करनवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपये का माल पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टायर फटने से ट्रक के पलटने और आग लगने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। -निखिल कुमार (ब्यावरा)7/2/2026