क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


राजगढ़ (ईएमएस ) गत दिवस जिले के थाना कोतवाली राजगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रेमपुरा में पदस्थ महिला पटवारी द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया था । प्राप्त शिकायत के अनुसार दो दिन पूर्व 05.02.2026 को महिला पटवारी तहसीलदार राजगढ़ के आदेश के पालन में ग्राम पानसरा में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित शासकीय कार्य का निर्वहन कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम पानसरा निवासी जितेन्द्र तंवर पिता गंगाराम तंवर द्वारा सी.एम. हेल्पलाइन पर की गई शिकायत के संबंध में चर्चा हेतु महिला पटवारी द्वारा दूरभाष पर संपर्क किया गया, जिस पर आरोपी द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए महिला लोक सेवक को जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को प्रस्तुत की गई थी । घटना से महिला पटवारी मानसिक रूप से भयभीत हो गईं तथा उनके शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा उत्पन्न हुई। मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना कोतवाली राजगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 77/26 अंतर्गत धारा 132, 351(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया और पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राजगढ़ अरविंद सिंह राठौर के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में महिला लोक सेवकों की सुरक्षा एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।-निखिल कुमार (राजगढ़)7/2/2026