क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


- लापरवाह ड्राइवर कंडक्टर पर केस दर्ज इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक हादसे में सिटी बस से गिरने के बाद सिर की नस फटने से युवक की मौत हो गई। हादसा खजराना थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के वक्त मृतक युवक अपनी मां और भाई के साथ एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। पुलिस के अनुसार राजकुमार पिता सुरेश उम्र पैंतालीस साल निवासी मायापुरी कालोनी अपने भाई पप्पू और मां के साथ नेमावर रोड स्थित बाईग्राम जाने के लिए रिंग रोड स्थित नोबल पब्लिक स्कूल से तीन इमली चौराहे तक के लिए बस में सवार हुए थे तभी बस से गिरकर हादसे का शिकार हो गए। पुलिस को भाई पप्पू ने पूछताछ में बताया कि बस में पहले से ही बहुत सवारियां वे भी बस में चढ़े और गेट पर खड़े ही हुए थे कि कंडक्टर ने गेट पर ही टिकट के पैसे मांगना शुरू कर दिए। राजकुमार खुल्ले पैसे निकालने लगे इसी दौरान बस चालक ने बस को तेज गति से आगे बढ़ाया, जिससे एक जोरदार झटका लगा और वे बस से सिर के बल नीचे सड़क पर गिर पड़े उसके बाद बस में चीख-पुकार मच गई। पप्पू ने आक्रोशित हो बस चालक पर आरोप लगाते पुलिस को बताया कि चालक ने बस रोकी परन्तु मदद करने के बजाय उसको 200 रुपए देते कहा कि रिक्शा करके इन्हें एमवाय अस्पताल ले जाओ और खुद बस लेकर मौके से भाग निकला। वे घायल राजकुमार को एमवाय अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले मे पुलिस ने केस दर्ज कर लापरवाह ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 07 फरवरी 2026