धमतरी(ईएमएस)। जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहली घटना कुरूद थाना क्षेत्र में हुई, जहां तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार की जान चली गई। पुलिस के अनुसार संकरी निवासी रमेश साहू (52) अपने साथियों बिसेलाल साहू और दौवाराम साहू के साथ बाइक (CG 07 BF-9032) से भखारा गांव में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। करीब 10 बजे भाठागांव-भखारा मार्ग स्थित थूहा नाला मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा (CG 08 AE-5358) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश साहू की मौके पर मौत हो गई, जबकि दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। इसी जिले में दूसरी घटना नगरी क्षेत्र में सामने आई। शृंगी ऋषि स्कूल के 12वीं कक्षा के कुछ छात्र-छात्राएं विदाई पार्टी के बाद सोंढूर बांध पिकनिक के लिए जा रहे थे, तभी सांकरा और अरसीकन्हार गांव के बीच उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। सभी को मामूली चोटें आईं, जिनमें से तीन छात्रों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया।