क्षेत्रीय
07-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले में राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव ने बाल विवाह को गंभीर सामाजिक कुरीति और कानूनन अपराध बताते हुए इसके खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से बालिकाओं के अधिकारों का हनन होता है और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से गंभीर नुकसान झेलना पड़ता है। अपने कार्यालय में ‘समर्पित’ संस्था के कार्यकर्ताओं और ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ की टीम से चर्चा के दौरान उन्होंने इस अभियान की सराहना की। संस्था की प्रतिनिधि अंजलि ताम्रकार ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में बगिया स्थित कैंप कार्यालय से इस रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह रथ जशपुर जिले के सभी आठ विकासखंडों में जाकर ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करेगा। प्रियंवदा सिंह जूदेव ने कहा कि महिला सुरक्षा और बालिकाओं का कल्याण केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह से बालिकाओं के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है और शिक्षा बाधित होने से समाज के समग्र विकास पर भी असर पड़ता है। इस कुप्रथा को रोकने के लिए कानूनी सख्ती के साथ व्यापक जन-जागरूकता जरूरी है।