राष्ट्रीय
07-Feb-2026
...


गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप नई दिल्ली,(ईएमएस)। पटना में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें मंदिरी स्थित घर से कई घंटे की मशक्कत के बाद हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। बताया गया कि उन्हें लंबे समय तक स्ट्रेचर पर लेटा कर रखा गया और बेड उपलब्ध नहीं कराया गया। बाद में उन्हें आगे की जांच के लिए पटना मेडिकल भेजा गया। मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि गिरफ्तारी करीब तीन दशक पुराने मामले से जुड़ी है। यह मामला गर्दनीबाग थाने में 1995 में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनका मकान धोखे से किराए पर लेकर सांसद कार्यालय बना दिया गया और यह तथ्य किराए के समय छुपाया गया। कोर्ट में लगातार पेश नहीं होने के कारण पहले गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, फिर इश्तेहार चस्पा करने का आदेश दिया गया। इसके बाद भी पेशी नहीं होने पर कोर्ट ने संपत्ति कुर्क करने का अंतिम आदेश दिया और कार्रवाई तेज हो गई। गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्हें आशंका थी कि पुलिस उन्हें नुकसान पहुंचा सकती है। उनका कहना था कि वे सीधे कोर्ट जाएंगे और पुलिस स्टेशन नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस सिविल ड्रेस में आई और उनके साथ अपराधियों की तरह व्यवहार किया गया। फिलहाल पुलिस उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए ले गई। ताजा कार्रवाई को राज्य की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है और मामले पर सभी की नजर है। सिराज/ईएमएस 07फरवरी26 -----------------------------------