राष्ट्रीय
07-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी ‘एपस्टीन फाइल्स’ में उद्योगपति अनिल अंबानी से जुड़ी बातचीत सामने आने के बाद एक बार फिर जेफ्री एपस्टीन के नेटवर्क को लेकर विवाद तेज हो गया है। इन दस्तावेजों में 2017 से 2019 के बीच एपस्टीन और अनिल अंबानी के बीच हुई कथित ईमेल और चैट बातचीत का उल्लेख है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इन संवादों में कारोबार, वैश्विक मुद्दों और निजी चर्चाओं का जिक्र है। 9 मार्च 2017 की एक बातचीत में एपस्टीन ने मुलाकात को दिलचस्प बनाने के लिए एक लंबी, सुनहरे बालों वाली स्वीडिश महिला का सुझाव दिया, जिस पर कथित तौर पर अंबानी ने इसे अरेंज करो लिखा। यह बातचीत उस समय की बताई जा रही है, जब एपस्टीन 2008 में नाबालिगों से जुड़े यौन अपराध में दोषी ठहराया जा चुका था। दस्तावेजों में यह भी सामने आया है कि अनिल अंबानी और एपस्टीन के बीच पेरिस और न्यूयॉर्क में मुलाकात की योजनाएं बनी थीं। मई 2019 में अंबानी के न्यूयॉर्क दौरे के दौरान एपस्टीन ने उन्हें मैनहैटन स्थित अपने घर बुलाया था, जहां दोनों के मिलने का दावा किया गया है। बातचीत में अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे आयोजनों का भी उल्लेख है। एक अन्य चैट में एपस्टीन ने अंबानी से उनकी पसंदीदा अभिनेत्री के बारे में पूछा, जिस पर उन्होंने हॉलीवुड अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन का नाम लिया। उस समय रिलायंस एंटरटेनमेंट उनकी फिल्म ‘घोस्ट इन द शेल’ की सह-निर्माता थी। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अनिल अंबानी के प्रतिनिधि ने इस पूरे मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। एपस्टीन को 2019 में संघीय स्तर पर सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मुकदमे से पहले ही जेल में उसकी मौत हो गई थी। इन फाइलों में कई भारतीय और भारतीय मूल के लोगों के नाम भी सामने आए हैं, हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि केवल नाम का उल्लेख किसी अपराध का प्रमाण नहीं होता, बल्कि यह सामाजिक या पेशेवर संपर्क भी हो सकता है। हिदायत/ईएमएस 07फरवरी26