चर्चा है- यह बीजेपी की संगत का असर, तिलक लगवाने से भी कर चुके हैं इनकार पटना,(ईएमएस)। बिहार के सीएम नीतीश कुमार का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। सीएम नीतीश ने विधान परिषद में पूर्व मंत्री, राजद नेता और वर्तमान एमएलसी को टोपी उतारने के लिए कह दिया। इसका वीडियो सामने आया तो अब राजनीति गरमा गई। कहा जा रहा है कि नीतीश अब एनडीए के साथ हैं और उनपर बीजेपी की राजनीति का असर हो गया है। यही कारण है कि नीतीश कुमार टोपी पहनने, टोपी ट्रांसफर करने से लेकर उतरवाने तक पर उतर आए हैं। क्या यह सच है? मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बजट सत्र में चर्चा के दौरान बीते 5 फरवरी को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राजद के नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी अपना वक्तव्य विधान परिषद में दे रहे थे। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार भी वहां मौजूद थे। विधान परिषद में टोपी पहनकर आए अब्दुल बारी सिद्दीकी से सीएम नीतीश ने कहा कि यह टोपी क्यों पहने हैं? हटाइये ना। इस पर अब्दुल बारी ने अपनी टोपी उतार दी और कहा कि लीजिए आपका हुकुम सर आंखों पर, मैं अपनी टोपी उतार देता हूं। वैसे टोपी उतरवाना एक मुहावरा है। बस यहीं से यह छोटा सा वाकया बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया और बिहार की सियासत गर्म गई। एक बार फिर से टोपी उतरवाने की चर्चा करते हुए सीएम नीतीश को विपक्षी दल अपने निशाने पर ले रहे हैं। उनकी राजनीति में बदलाव से जोड़कर इसे देखा जा रहा है और बीजेपी की संगत का असर कहा जा रहा है। अब जब बात खुली है और टोपी की सियासत को हवा दे दी गई है तो टीका लगाने से नीतीश कुमार के इनकार करने का वाकया भी है। ऐसा बीते साल हुआ था और वह भी सीतामढ़ी में माता जानकी से जुड़े एक कार्यक्रम में। नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी में 8 अगस्त 2025 को मंदिर में पूजा के दौरान ‘टीका’ लगाने से इनकार कर दिया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जब पुजारी सीएम नीतीश कुमार को तिलक लगाने आए तो उन्होंने अपना सिर पीछे कर लिया और तिलक लगवाने से इनकार कर दिया। खास बात यह कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। दरअसल, सीतमढ़ी में टीका लगाने से इनकार करने की घटना के कुछ ही दिनों बाद 21 अगस्त 2025 को पटना के एक मदरसा कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने टोपी पहनने से भी इनकार किया था। चर्चा उनके उस बयान की होने लगी जो उन्होंने 2013 में दिया था। विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर इन दोनों घटनाओं को नीतीश कुमार के पुराने स्टैंड से जोड़कर देखा गया। सिराज/ईएमएस 07फरवरी26 -----------------------------------