राष्ट्रीय
07-Feb-2026


एयरपोर्ट प्रशासन ने एप बेस्ड ड्राइवर्स की हड़ताल को लेकर जारी की एडवाइजरी जयपुर,(ईएमएस)। शारजाह जाने वाले यात्रियों को शनिवार को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। तकनीकी कारणों की वजह से एयर अरबिया की फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। यह फ्लाइट सुबह 4:10 बजे जयपुर से शारजाह के लिए रवाना होती है, लेकिन तकनीकी खामी आने के बाद उड़ान में देरी हुई। इसके चलते यात्रियों को एयरपोर्ट पर कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक तकनीकी जांच और आवश्यक सुधार कार्य के बाद ही फ्लाइट को रवाना किया जाएगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एयरलाइन की ओर से यात्रियों को देरी की सूचना दी गई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशश की गई। हालांकि, लंबा इंतजार होने से कई यात्रियों को असुविधा हुई। कुछ यात्रियों ने बताया कि उनकी आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि तकनीकी सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही उड़ान को अनुमति दी जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने एप बेस्ड ड्राइवर्स की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर यात्रियों के लिए एक अहम एडवाइजरी भी जारी की है। प्रशासन ने बताया कि आज एप बेस्ड कैब ड्राइवर्स की हड़ताल प्रस्तावित है, जिसके चलते कैब, बाइक टैक्सी और ऑटो जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर रखें और वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था स्वयं करें। वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की कोशिश करें, ताकि ट्रैफिक जाम या परिवहन की कमी के कारण उनकी फ्लाइट छूटने का खतरा न रहे। सिराज/ईएमएस 07फरवरी26 -----------------------------------