07-Feb-2026
...


रामगढ़(ईएमएस)।हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में कल आठ फरवरी को रामगढ़ जिले के सिद्धू कान्हू जिला मैदान में सांसद सामूहिक विवाह उत्सव का आयोजन होगा। इस आयोजन में 101 बेटियों के घर बसाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस वैवाहिक कुंभ में प्रदेश के राज्यपाल संतोष गंगवार सहित कई हस्तियां इन 101 बेटियों को अखंड सौभाग्यवती का आशीर्वाद देगी। साथ ही भोजपुरी के प्रसिद्ध नायक व गायक सह सांसद मनोज तिवारी के सुरों संग 101 बेटियों का संसार रामगढ़ के ऐतिहासिक धरती पर सजेगा। इस क्रम में कोलकाता के प्रसिद्ध राघव पंडित का मंत्र उच्चारण भी इस मैदान में गूंजेगा।रविवार को सुबह 9 के बाद 101 दूल्हों का काफिला रामगढ़ के छावनी परिषद फुटबॉल मैदान से सजी-धजी गाड़ियों में सवार होकर कतारबद्ध निकलेगा जो अपने आप में देखने लायक होगा। इस बारात की अगुआई खुद हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल करेंगे जिसमें झारखंड का गौरवशाली छऊ नृत्य, आर्ष कन्या गुरुकुल की विदुषियों की आकर्षक झांकियां, ढाक ताशा और पटाखे की गूंज शामिल होगी। इन बारातियों का शहर के करीब दो दर्जन जगहों पर स्वागत किया जाएगा। इसे लेकर दूरदर्शन से बात करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि इस सामूहिक विवाह में ऐसी बेटियों का चयन किया गया है जिसके कोई कर्ताधर्ता नहीं है, विवाह के बाद इनका जीवन चले इसके लिए इनको हम इलेक्ट्रिक रिक्शा भी देते हैं, अभी वर्तमान समय में अगर किसी के घर में बेटी होती है तो वहां खुशी नहीं होता है अमूमन यही देखा जाता है बेटी के बड़ी होने पर माता-पिता का यह सपना होता है कि इसकी शादी हम कैसे करें, समाज के हर एक समर्थवान व्यक्ति अगर एक बेटी की शादी में समर्थवान होता है तो समाज में यह बेटी का दुख दूर हो जाएगा। कर्मवीर सिंह/07फरवरी/26