07-Feb-2026
...


रांची(ईएमएस)।किसानों, कृषक महिलाओं एवं युवा उद्यमियों को उन्नत कृषि, पशुपालन, वानिकी, डेयरी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्द्धन तथा घरेलू एवं अन्य कुटीर उद्योगों से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा 14 से 16 मार्च तक राज्य स्तरीय एग्रोटेक किसान मेला का आयोजन किया जा रहा है।मेला का विषय टिकाऊ कृषि हेतु जलवायु अनुकूल तकनीकी नवाचार है।बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुनील चन्द्र दुबे की अध्यक्षता में मेला आयोजन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।पहले यह मेला 21 से 23 फरवरी तक निर्धारित था,किंतु स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा तथा उसमें बीएयू कर्मियों की संभावित ड्यूटी के कारण तिथि में परिवर्तन करने का निर्णय किया गया।मेला में लगभग 120 स्टाल लगाए जायेंगे जिनमें बीएयू के विभिन्न विभागों, संकायों, महाविद्यालयों, इकईयां, क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्रों एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के अलावा झारखण्ड में कार्यरत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शोध संस्थान, कृषि से संबंधित विभाग, बीज, कृषि यंत्र एवं उर्वरकों के निर्माता एवं बिक्रेता, बैंक एवं वित्तीय संस्थान तथा स्वयंसेवी संगठन अपनी तकनीक,सेवाएँ एवं उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।इस अवसर पर फल, फूल, सब्जी, मसालों, सजावटी, औषधीय एवं सगंधीय पौधों से संबंधित उद्यान प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी, कृषि यंत्र प्रदर्शनी, किसान गोष्ठी, प्रायोगिक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण का भी आयोजन किया जाएगा I तीनों दिन किसानों के लिए कृषि तकनीकों से संबंधित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इस राज्यस्तरीय आयोजन में प्रान्त के विभिन्न जिलों के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे I कर्मवीर सिंह/07फरवरी/26