राज्य
07-Feb-2026
...


:: 126 रनों की बढ़त के साथ जम्मू-कश्मीर का पलड़ा भारी, पर आधी टीम लौटी पवेलियन :: इंदौर (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी के घातक स्पैल (7/40) की बदौलत टीम ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन मध्य प्रदेश पर पहली पारी में 42 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद मैच फिलहाल बराबरी पर खड़ा नजर आ रहा है, क्योंकि दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी में 84 रनों पर 5 विकेट खो दिए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के साथ आईपीएल अनुबंध पाकर चर्चा में आए 29 वर्षीय आकिब नबी ने शनिवार को होलकर स्टेड‍ियम में अपनी गेंदबाजी से कोहराम मचा दिया। कश्मीर के दूरदराज इलाके क्रीरी से ताल्लुक रखने वाले इस लंबे कद के गेंदबाज ने अकेले दम पर मध्य प्रदेश के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। नबी ने 14वें ओवर में हर्ष गवली (10) और हिमांशु मंत्री (0) को तीन गेंदों के अंतराल में आउट कर तबाही की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार (10) और अनुभवी वेंकटेश अय्यर (22) जैसे बड़े विकेट चटकाकर मेजबान टीम की कमर तोड़ दी। नबी ने अपने स्पैल का अंत आर्यन पांडे और रामवीर गुर्जर को लगातार गेंदों पर शून्य पर आउट करके किया। मध्य प्रदेश की पूरी टीम 152 रनों पर सिमट गई। मध्य प्रदेश की ओर से केवल यश दुबे (58) ही संघर्ष कर सके। :: पलटवार में सेन-अय्यर ने फूंका रोमांच :: पहली पारी में पिछड़ने के बाद मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने भी जोरदार वापसी की। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले कुलदीप सेन ने दूसरी पारी में भी अपनी लय बरकरार रखी और 25 रन देकर 2 विकेट झटके। टीम इंडिया के ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर, जो पहली पारी में खाली हाथ रहे थे, उन्होंने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 2 विकेट लिए। इन झटकों के कारण जम्मू-कश्मीर का स्कोर 26 ओवर में 84/5 हो गया है। :: आज तीसरा दिन अग्निपरीक्षा से कम नहीं :: मुकाबला अब पूरी तरह से खुला हुआ है। जम्मू-कश्मीर के पास कुल 126 रनों की बढ़त है और हाथ में 5 विकेट शेष हैं। इंदौर की लाल मिट्टी की इस पिच पर चौथी पारी में बल्लेबाजी करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। तीसरे दिन मध्य प्रदेश की नजरें जल्द से जल्द शेष विकेट झटककर छोटे लक्ष्य का पीछा करने पर होंगी, जबकि जम्मू-कश्मीर की उम्मीदें कन्हैया वधावन (7*) और आबिद मुश्ताक (3*) पर टिकी हैं कि वे टीम को एक सुरक्षित स्कोर तक पहुँचा सकें। :: संक्ष‍िप्त स्कोर :: जम्मू-कश्मीर : पहली पारी 194 और दूसरी 84/5 (कुलदीप सेन 2/25, वेंकटेश अय्यर 2/10) मध्य प्रदेश : पहली पारी 152 ऑल आउट (यश दुबे 58; आकिब नबी 7/40, सुनील कुमार 3/47) प्रकाश/07 फरवरी 2026