07-Feb-2026
...


:: मंत्री नागर सिंह चौहान ने आलीराजपुर में 11.62 करोड़ रू. के कार्यों का किया भूमिपूजन; सिंचाई और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार :: आलीराजपुर (ईएमएस)। आलीराजपुर जिले में जल संरक्षण और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में शनिवार को एक बड़ा अध्याय जुड़ा। अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने ग्राम मोरासा में हथनी बैराज परियोजना-02 और ग्राम जामली में कटवाड़-जामली सड़क मार्ग का भूमिपूजन किया। लगभग 11.62 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ने के साथ ही विकास की गति भी तीव्र होगी। ग्राम मोरासा में 471.03 लाख रू. की लागत से बनने वाले हथनी बैराज का शिलान्यास करते हुए मंत्री चौहान ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगी। इस बैराज से मोरासा की 324 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा, बैराज निर्माण से भू-जल स्तर में सुधार होगा, जिससे आसपास के कुएं और बोरवेल रिचार्ज होंगे। अब किसान केवल वर्षा पर निर्भर नहीं रहेंगे, बल्कि फाटा परियोजना की तर्ज पर ग्रीष्मकालीन फसलें भी ले सकेंगे। आवागमन को सुगम बनाने हेतु ग्राम जामली में 4.90 किमी लंबे सड़क मार्ग का भूमिपूजन किया गया। 691.76 लाख रू. की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें विकास की पहली शर्त हैं और सरकार गांवों को मुख्य विकासधारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है। संबोधन के दौरान मंत्री ने युवाओं से तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार (जैसे मोबाइल रिपेयरिंग, मैकेनिक, वेल्डिंग) अपनाने की अपील की। उन्होंने महिलाओं के लखपति दीदी बनने के सफर और किसानों को मिल रही सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए सरकार की जनहितैषी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। प्रकाश/07 फरवरी 2026