क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


- योजनाओं की जानकारी के लिए अपनाई गई क्यूआर कोड प्रणाली कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार तथा सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर चावल उत्सव के साथ-साथ महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार दिवस और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास दिवस मनाया गया। आवास दिवस का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना, हितग्राहियों को योजना के प्रति जागरूक करना तथा निर्माण के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह की 07 तारीख को सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का अनिवार्य रूप से आयोजन किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके। आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों के लंबित एवं प्रगतिरत आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने को लेकर विशेष चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों की जानकारी क्यूआर कोड आधारित प्रणाली के माध्यम से दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इसी क्रम में मनरेगा के कार्य स्थलों पर आयोजित रोजगार दिवस के दौरान विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 से संबंधित पम्पलेट का वितरण किया गया और ग्रामीणों को उनके रोजगार अधिकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम सचिव, रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। 08 फरवरी / मित्तल