08-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। देशभर में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले कुख्यात चोर लोकेश उर्फ गोलू को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। 25 से ज्यादा केस दर्ज और 30 किलो सोने की बड़ी चोरी में वांटेड था आरोपी। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 7 फरवरी को एक बड़ी सफलता हासिल की। देशभर में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले कुख्यात अंतरराज्यीय चोर लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। लोकेश पर अलग-अलग राज्यों में 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में हुए करीब 25 करोड़ रुपये के बहुचर्चित ज्वेलरी चोरी केस का मुख्य आरोपी भी रह चुका है। दरअसल, दिल्ली क्राइम ब्रांच के लिए इस चोर को पकड़ना इतना भी आसान नहीं रहा। इसकी शुरूआत तब हुई जब दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिलती है कि रायपुर में बड़ी चोरी करने के बाद लोकेश दिल्ली में छिपा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की टीम ने बेहद तकनीकी और मैनुअल निगरानी शुरू कर दी। फिर आरोपी लोकेश का लगातार पीछा करने के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे दिल्ली से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार लोकेश हाल ही में 29 जनवरी 2026 को बिलासपुर जेल से बाहर आया था और जेल से छूटते ही उसने 31 जनवरी और 1 फरवरी की रात रायपुर में तीन दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। इससे पहले वर्ष 2023 में उसने दिल्ली के भोगल इलाके में एक ज्वेलरी दुकान से करीब 30 किलो सोना और नकदी चुरा ली थी, जिसकी कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई थी। वहीं दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि लोकेश अकेले ही चोरी की वारदात करता था और बंद दुकानों को निशाना बनाता था। पिछले पांच वर्षों में वह करीब 30 किलो सोना, जिसकी कीमत 45 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, चोरी कर चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि उससे कई और मामलों का खुलासा हो सकता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/फरवरी/2026