क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने घुरू क्षेत्र में 15वें वित्त आयोग मद से निर्माणाधीन पानी टंकी, पाइपलाइन विस्तार कार्य तथा डॉग शेल्टर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। घुरू में ढाई करोड़ रुपये की लागत से 175 केएल क्षमता की पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने से घुरू-अमेरी क्षेत्र में जल आपूर्ति सुचारू हो सकेगी। निगम कमिश्नर को बताया गया कि टंकी निर्माण का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र में हर वर्ष होने वाले जल संकट के समाधान के लिए अमृत मिशन योजना के तहत बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट से सिरगिट्टी तक साढ़े चार किलोमीटर पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है, जिस पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। गर्मी में पानी की किल्लत न हो, अभी से कर रहे प्रबंध निगम कमिश्नर ने इस कार्य को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। पाइपलाइन विस्तार के बाद सिरगिट्टी क्षेत्र को सतही जल की आपूर्ति होगी, जिससे गर्मी के मौसम में होने वाली पानी की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा निगम कमिश्नर ने घुरू स्थित डॉग शेल्टर का निरीक्षण कर कुत्तों को पकडऩे, रखने, वैक्सीनेशन एवं बधियाकरण की जानकारी ली और रख-रखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 08 फरवरी 2026