बिलासपुर (ईएमएस)। बिलासा सेवा समिति केवट समाज छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के छठवें वर्ष का पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह शनिवार को रोटरी क्लब सीएमडी चौक में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्य स्तर पर प्रथम से 23वें स्थान तक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इससे पूर्व राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 25 दिसंबर को बिलासपुर, रायपुर एवं राजनांदगांव के तीन प्रमुख केंद्रों में एक साथ किया गया था, जिसमें प्रदेश भर से 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चो ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम की शुरुआत माता बिलासा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। रायपुर की संगीता निषाद ने अरपा पैरी की धार राजकीय गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी सभी का मन मोह लिया।अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होती हैं। 23 विद्यार्थियों को मिला सम्मान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुभाषणी निषाद धमतरी ने प्राप्त कर 21,000 रूपए की पुरस्कार राशि जीती। द्वितीय स्थान चिरंजीव निषाद जशपुर को 15,000 रूपए एवं तृतीय स्थान खिलेश्वरी निषाद राजनांदगांव को 5,000 रूपए प्रदान किए गए। शेष 20 विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 08 फरवरी 2026