बिलासपुर (ईएमएस)। बहतराई स्थित स्व.बी.आर. यादव अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान में आयोजित कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 का आज भव्य समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का सफल आयोजन साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के तत्वावधान में किया गया। फाइनल मुकाबले में एसईसीएल और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मैच में एसईसीएल ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सीसीएल को 6-1 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। दर्शकों ने दोनों टीमों के तेज आक्रमण, मजबूत डिफेंस और शानदार तालमेल की सराहना की। समापन समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)बिरंची दास मुख्य अतिथि एवं निदेशक (वित्त)डी. सुनील कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। तीसरे स्थान के मुकाबले में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) को पराजित किया। इस आयोजन ने कोल इंडिया परिवार की एकजुटता और खेल संस्कृति को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 08 फरवरी 2026