क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


- नीतीश कुमार का पुतला दहन पटना, (ईएमएस)। बीते दिनों पटना में अध्ययनरत नीट छात्रा के साथ गर्ल्स हॉस्टल में हुई हैवानियत एवं हत्या के मामले में बिहार सरकार और उसकी पुलिस की असंवेदनशीलता, बेटी की न्याय के लिए आवाज़ उठाने वाले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी एवं अपराधियों को संरक्षण देने वाली गुंडाराज सरकार के खिलाफ बिहार प्रदेश कांग्रेस द्वारा रविवार को पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान का कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य की सरकार और उसकी प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य में बैठी संघी मानसिकता से पोषित सरकार के द्वारा बिहार की बेटियों के साथ किए जा रहे अन्याय और अत्याचार को सहन नहीं किया जाएगा। बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की हर लड़ाई का नेतृत्व कांग्रेस ने किया है और आगे भी करती रहेगी। साथ ही वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि पूर्णिया के सांसद जो लगातार नीट छात्रा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य की सरकार पर हमलावर हैं, उनकी गिरफ्तारी निंदनीय है। उनकी गिरफ्तारी राज्य की निकम्मी सरकार का नीट छात्रा कांड को दबाने के लिए किया गया है। साथ ही उन्होंने राज्य की एनडीए सरकार को निरंकुश बताते हुए कहा कि हम मांग करते हैं कि छात्रा और उसके परिवार को अविलंब न्याय मिले और ससम्मान उन्हें न्याय की लड़ाई लड़ने दिया जाएं। नाहक राज्य की एनडीए सरकार उनके संवैधानिक अधिकारों को अपने पुलिस के जोर से दबाने का कुत्सित प्रयास ना करें। विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और बच्ची के परिवार के साथ न्याय मिलने तक खड़े रहने की बात दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक सीटिंग सांसद को आधी रात गिरफ्तार कर लोकतंत्र पर सीधा हमला किया गया है और यह सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है और सरकार से मांग करती है कि तत्काल इस राजनीतिक प्रतिशोध को बंद किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया काॅर्डिनेटर संजीव सिंह, रौशन कुमार सिंह, कुमार आशीष, पंकज यादव, असितनाथ तिवारी, मनोज शर्मा, राजीव मेहता, मृणाल अनामय, गुरूदयाल सिंह, कमलदेव नारायण शुक्ला, प्रेमचन्द्र सिंह, दौलत इमाम, विनीता भगत, नदीम अख्तर अंसारी, विमलेश तिवारी,डॉ अमन कुमार, विशाल यादव, वरूण शर्मा, राजीव रंजन सिंह पप्पू, निशांत करपटने, रंजीत यादव, वसीम अहमद, आरती राय, अजय यादव, मनोज निषाद, अभिषेक कुमार, प्रभात चन्द्रवंशी, अहमद रजा खां सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे। संतोष झा- ०८ फरवरी/२०२६/ईएमएस