यूजर्स ने लिखा- मालिक की तारीफ की लेकिन स्टाफ के लिए एक शब्द भी नहीं कहा वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के एक मशहूर अखबार के सीईओ और पब्लिशर विल लुईस ने इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला तीन दिन बाद आया जब अखबार ने अपने एक-तिहाई स्टाफ की छंटनी की घोषणा की थी, जिससे न्यूजरूम में व्यापक असंतोष फैल गया था। लुईस ने शनिवार को स्टाफ को भेजे एक ईमेल में अपने इस्तीफे की जानकारी दी। ईमेल में लुईस ने लिखा- अखबार में 2 सालों के परिवर्तन के बाद, अब मेरे लिए अलग होने का सही समय है। मैं जेफ बेजोस का उनके समर्थन और नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त करता हूं, जो मेरे पूरे कार्यकाल में सीईओ और पब्लिशर के रूप में रहा। इस संस्था का इससे बेहतर मालिक नहीं हो सकता। मेरे कार्यकाल में पोस्ट के दीर्घकालिक भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए कठिन निर्णय लिए गए हैं, ताकि यह आने वाले कई सालों तक प्रतिदिन लाखों ग्राहकों को उच्च-गुणवत्ता वाली, गैर-पक्षपाती खबरें प्रकाशित कर सके। आभार के साथ, विल मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस ईमेल में लुईस ने अखबार के मालिक जेफ बेजोस का आभार जताया और उन्हें संस्था के लिए सर्वश्रेष्ठ मालिक बताया। हालांकि, उन्होंने स्टाफ या पत्रकारों का कोई जिक्र नहीं किया, जिससे सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूजर्स ने इसे सर्वेंट लीडरशिप के विपरीत बताया। एक यूजर ने लिखा- मालिक की तारीफ की लेकिन स्टाफ के लिए एक शब्द भी नहीं। दूसरे ने नोट किया कि उन्होंने पाठकों के बजाय ग्राहकों शब्द का इस्तेमाल किया, जो अखबार की व्यावसायिक सोच को दर्शाता है। कुछ ने ईमेल की पैसिव वॉइस और विषय हीन होने पर भी टिप्पणी की। बता दें 56 साल के ब्रिटिश पत्रकार और मीडिया एक्जीक्यूटिव विल लुईस 2023 में मशहूर अखबार के सीईओ और पब्लिशर बने थे। इससे पहले वे कई प्रमुख पदों पर रहे थे। यूके में उन्होंने प्रमुख टैब्लॉइड्स में सीनियर एडिटोरियल भूमिकाएं निभाई थीं। उनकी नियुक्ति जेफ बेजोस ने की थी, जिन्होंने 2013 में यह अखबार करीब 250 मिलियन डॉलर में खरीदा था। लुईस के कार्यकाल में अखबार लगातार वित्तीय नुकसान झेल रहा था। हाल की छंटनी में करीब 300 पत्रकारों को निकाला गया, जिसमें लोकल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स और फोटोग्राफी विभाग बुरी तरह प्रभावित हुए। स्पोर्ट्स सेक्शन को बंद कर दिया गया। इन छंटनियों की घोषणा के दौरान लुईस और बेजोस स्टाफ मीटिंग में शामिल नहीं हुए, जिससे आलोचना और बढ़ गई। सिराज/ईएमएस 08फरवरी26 ----------------------------------