कटिहार, (ईएमएस)। बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव घर से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि डिलीवरी ब्वॉय बनकर अपनी प्रेमिका के घर आए प्रेमी का शव पंखे से लटक रहा था। इस मामले में मनिहारी पुलिस ने घर की दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर बाजार में रविवार दिनांक 8 फरवरी को सुबह एक घर के कमरे से युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के सुजापुर निवासी विनायक पंडित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनायक का कुमारीपुर की रहने वाली एक विवाहिता के साथ प्रेम संबंध था और शनिवार की रात वह डिलीवरी ब्वॉय बनकर पहुंचा था। सुबह विनायक का शव महिला के घर के एक कमरे से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजी और आगे की जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। प्रारम्भिक जांच में अवैध प्रेम संबंध में हत्या और आत्महत्या का मामला मानकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। इस बीच पुलिस कथित प्रेमिका महिला और उसकी देवरानी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। जो चर्चा चल रही है उसके मुताबिक मृतक का महिला के साथ दो साल से प्रेम संबंध था। प्रेमी जब अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था तब घर में कोई भी पुरुष सदस्य नहीं था। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। संतोष झा- ०८ फरवरी/२०२६/ईएमएस