- नौकरानी के बेटे ने नाबालिग मौसेरे भाई के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम - समूह लोन भरने के दबाव में की लूट की वारदात - हत्या के प्रयास के मामले में बीते दिनो ही जेल से बाहर आया है आरोपी भोपाल(ईएमएस)। शहर के टीटी नगर थाना में स्थित माता मंदिर इलाके में रहने वाली माइनिंग विभाग में पदस्थ महिला कर्मचारी को उसी के घर में बंधक बनाकर लूट किये जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शनिवार शाम के समय दो युवकों ने महिला कर्मचारी के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करते हुए पहले उसे चाकू की नोक पर बंधक बनाया। बाद में उसके हाथ-पैर बांधकर घर में रखे करीब एक लाख 70 हजार की नगदी और दो मोबाइल सहित करीब सवा तीन लाख रुपए का माल लूट कर फरार हो गए। हैरानी वाली बात यह है की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कोई और नहीं बल्कि पीड़ित महिला की नौकरानी का बेटा है, जिसने अपने नाबालिग मौसेरे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन ही एक्शन मोड में आते हुए रविवार अलसुबह एफआईआर दर्ज की कर नाबालिग आरोपी सहित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर करते हुए उनके कब्जे से लूटा गया माल बरामद कर लिया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 98 क्वार्टर टीटी नगर में रहने वाली अर्चना वर्मा (28) माइनिंग डिपार्टमेंट में असिस्टेंट ग्रेड-3 के पद पद नौकरी करती हैं। उनके पिता सेक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं, और मां का बीमारी के चलते पूर्व में देहांत हो चुका है। अर्चना ने घरेलू कामकाज के लिये नौकरानी को रखा हुआ है। नौकरानी का बेटा आशीष उर्फ गोली रायकवार है, जो हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से छूटा है। आशीष भी अर्चना के यहॉ काम करने वाली अपनी मॉ के साथ अक्सर उनके घर आता रहता था, और छोटे-मोटे कामो में मदद करता था। महिला के घर आने जाने के कारण उसे इस बात की सारी जानकारी थी, कि महिला के पिता कब नौकरी पर आते-जाते हैं, और अर्चना किस समय घर पर अकेली रहती है। लालच आने पर अशीष ने अपने 15 साल के मौसेरे भाई के साथ मिलकर अर्चना के घर में लूट करने का प्लान बनाया। शनिवार शाम के समय दोनो काम के बहाने पीड़िता के घर पहुंचे और दरवाजे पर दस्तक दी। गेट खुलने पर महिला को तेजी से धक्का देकर भीतर घुसे और चाकू की नोक पर महिला से नगदी और कीमती सामान की जगह जानकारी ली। आरोपियों ने इस दौरान अर्चना को जान से मारने की धमकी भी दी। दोनो आरोपियो ने नगदी, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बटोरा और घर से निकलकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर शनिवार-रविवार की दरमियानी देर रात साढ़े 12 बजे आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी आशीष ने पुलिस को बताया है कि वह समूह लोन अदा नहीं कर पा रहा था, इसकी रिकवरी के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इस कारण उसने लूट करने की योजना बनाई थी। लोन की रकम भरने के बाद बाकी रकम से उसने नई बाइक खरीदने की सोच रखी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियो से आगे की पूछताछ कर रही है। जुनेद / 8 फरवरी