क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


- बहाने से ले गया बाग कब्रिस्तान के पास, मारपीट कर मोबाइल, नगदी छीनी भोपाल(ईएमएस)। शाहजहांनाबाद थाना इलाके में रेलवे स्टेशन से ऑटो में अपने घर करोंद जा रहे निजी मार्केटिंग सुपरवाइजर के साथ ऑटो चालक द्वारा अपने तीन साथियों के साथ मिलकर मारपीट करते हुए लूट किये जाने की घटना सामने आई है। आरोपी ऑटो चालक उसे घर ले जाने के बजाए शाहजहांनाबाद इलाके में स्थित बड़ा बाग कब्रिस्तान के पास लेकर पहुंचा और वहॉ अपने साथियों को बुलाकर युवक से मारपीट की और फिर उसका मोबाइल और नकदी लूटकर ऑटो से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मामला कायम कर हुलिये के आधार पर उनकी तलाश शुरु कर दी है। मिली जानकारी के करोंद स्थित शांति होम्स कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र कुमार शाक्य (31) ने अपनी शिकायत में बताया की वह निजी कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी करता है। शनिवार रात एक बजे उसकी ट्रेन थी, लेकिन स्टेशन देर से पहुंचने पर वह ट्रैन नहीं पकड़ सका। इसके बाद वापस घर लौटने के लिए उसने अल्पना तिराहे पर खड़े ऑटो चालक से करोंद जाने की बात तय की और उसमें सवार हो गया। ऑटो चालक भोपाल टॉकीज चौराहे से बैरसिया रोड पर न जाते हुए उसकी सीधे शॉहजहॉनाबाद के पास स्थित बड़ा बाग वाले कब्रिस्तान के पास ले गया। जब युवक ने उससे यहॉ आने का कारण पूछा तब आरोपी ने कुछ काम होने का बहाना बनाया। जैसे ही वे कब्रिस्तान के पास पहुंचे तो ऑटो चालक ने अपने दो साथियों को वहॉ बुला लिया। इसके बाद तीनो ने जितेंद्र के साथ जमकर मारपीट की और उसकी धमकाते हुए जेब में रखा मोबाइल और पर्स में रखी करीब पांच हजार की नगदी लूट कर फरार हो गए। बदमाशो के भाग जाने के बाद में पीड़ित थाने पहुंचा और जहॉ उसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया की अचानक हुए घटनाक्रम, अंधेरे और घबराहट के कारण वह ऑटो का नंबर नहीं देख सका था। पुलिस का कहना है, कि फरियादी द्वारा बताये गये हुलिके के साथ ही आरोपियो की तलाश के लिये घटनास्थल के आसपास के लगे सीसीटीवी केमरो के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशो की पहचान जुटाकर जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा। जुनेद / 8 फरवरी