- दुष्कर्म और लव जिहाद के आरोपी के साथी को बचाने के लगे आरोप भोपाल(ईएमएस)। शहर के कोहेफिजा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक ज्ञानेंद्र द्विवेदी को डीसीपी जोन-3 अभिनव चौकसे द्वारा सस्पेंड किये जाने के आदेश जारी किये गये है। प्रधान आरक्षक पर बीते दिनो थाने में दर्ज दुष्कर्म और लव जिहाद के मामले के मुख्य आरोपी औसाफ के साथी जिम संचालक माज को बचाने, उसके सहयोगी के साथ खाना-खाने और गोपनीय सूचना को आरोपी तक पहुंचाने के आरोप लगे है। मामले में आरोपी जिम संचालक माज को गिरफ्तार किया जाना था, लेकिन प्रधान आरक्षक की उसके नजदीकी साथी के साथ मिली भगत की जानकारी सामने आने पर डीसीपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है। दो दिन पहले जारी इस आदेश के कहा गया है कि थाना प्रभारी थाना कोहेफिजा भोपाल द्वारा प्रतिवेदन प्रेषित कर अवगत कराया गया है, थाना कोहेफिजा भोपाल में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र द्विवेदी का आचरण पूर्णतः पुलिस विभाग के विपरीत होकर थाने की गोपनीय जानकारी थाना क्षेत्र व दीगर थाना क्षेत्रों में निवासरत बदमाशों को दी जा रही है। तथा आरोपी माज के सहयोगी जिम संचालक के साथ होटल में लंच करना भी पाया गया। कार्यवाहक प्रआर० के कृत्य से आरोपी माज की गिरफ्तारी में व्यवधान पड़ रहा है। आदेश में आगे लिखा गया है की अत. थाना प्रभारी कोहेफिजा के प्रतिवेदन के अध्ययन उपरांत कार्यावाहक प्रआर० ज्ञानेन्द्र द्विवेदी थाना कोहेफिजा को उपरोक्त कृत्य पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाकर कार्यालय पुलिस उपायुक्त जोन-3 भोपाल में सम्बद्ध किया जाता है। उक्त प्रधान आरक्षक निलंबन समयावधि में बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे तथा इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। गौरतलब है कि पुलिस ने शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाली पीड़िता छात्रा की शिकायत पर आरोपी औसाफ के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओ में मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अक्सर छात्रा की सहेली से मिलने स्कूल के आसपास आता था। इसी दौरान सहेली के माध्यम से उसकी पहचान पीड़िता से हुई। दोस्ती बढ़ने पर पिछले साल जुलाई में आरोपी ने पीड़िता को भोपाल घुमाने के बहाने बुलाया और खानूगांव के सुनसान इलाके में ले जाकर कार के अंदर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को शादी का झांसा देकर उसे चुप करा दिया था। कुछ समय बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से 1 लाख रुपए की मांग की। बदनामी के डर से घबराई छात्रा ने किसी तरह 40 हजार रुपए का इंतजाम कर आरोपी को दिए। रकम लेने के बाद भी आरोपी उससे और पैसो के साथ ही बार-बार शारीरिक संबध बनाने का दबाव बनाकर परेशान करने लगा जिसके बाद मामला पुलिस के पास पहुचां था। जुनेद / 8 फरवरी