क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। जिले के अधारताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर हत्या, हत्या के प्रयास और बमबाजी जैसी सनसनीखेज वारदातों में शामिल 5 ऐसे आरोपियों को दबोचा है जो पिछले कई महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी नवंबर और दिसंबर 2025 से फरार थे, जिन्हें अब जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। इस संबंध में अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण सिंह कुमरे ने बताया कि पुलिस फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ये शातिर आरोपी क्षेत्र में ही कहीं छिपे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से वारदातों में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिसके चलते इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महाराजपुर निवासी समीर श्रीवास और छोटू उर्फ उद्देश तिवारी शामिल हैं, जो हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले हैं। इनके अलावा सुहागी क्षेत्र से तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें नेता कॉलोनी निवासी प्रियांशु पटेल सुहागी मेन रोड निवासी शंकर ठाकुर और पन्नी मोहल्ला निवासी अभिषेक उर्फ दुर्लभ उर्फ भीमसेन दुबे शामिल हैं। सुनील साहू / शहबाज / 08 फरवरी 2026