अंतर्राष्ट्रीय
08-Feb-2026


मास्को(ईएमएस)। रूस की मिलिट्री इंटेलिजेंस एजेंसी जीआरयू के डिप्टी हेड लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव पर गोली चलाने के आरोपी को दुबई में हिरासत में लिया गया है। बाद में उसे रूस को सौंप दिया गया। रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने कहा कि आरोपी रूसी नागरिक है और उसका नाम ल्युबोमिर कोरबा है। उसे फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के शक में दुबई में पकड़ा गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, शुक्रवार को मॉस्को के एक अपार्टमेंट ब्लॉक में अलेक्सेयेव को कई गोलियां मारी गई थीं। रूसी मीडिया के अनुसार, गोली लगने के बाद उनकी सर्जरी की गई। इस मामले पर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह हमला शांति वार्ता को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया। हालांकि, यूक्रेन ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। विनोद उपाध्याय / 08 फरवरी, 2026