- दो दिन और रहेगा असर, फिर लौटेगी गर्माहट भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे सबसे ठंडे रहेंगे। यह अलर्ट जारी किया है मौसम विभाग ने। विभाग के अनुसार, विशेषकर ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और दिन में हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी।इस समय प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके कटनी का करौंदी और शहडोल का कल्याणपुर हैं, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। राजधानी भोपाल और औद्योगिक शहर इंदौर में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है। बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में ठंड ज्यादा असर दिखा रही है। पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो जैसे क्षेत्रों में पारा 9 डिग्री से नीचे बना हुआ है। वहीं रीवा, शिवपुरी, मंडला और दतिया में भी रातें बेहद सर्द रहीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसका असर 12 फरवरी के बाद प्रदेश में दिख सकता है। तब मावठे की संभावना बन सकती है, लेकिन फिलहाल अगले पांच दिनों तक बारिश या ओलावृष्टि की आशंका नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश या घने कोहरे की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप निकलेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड और मुरैना में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। देर रात और अलसुबह ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। 10 फरवरी को हल्का कोहरा, ठंड का असर बना रहेगा जबकि 11 फरवरी के दिन कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा, बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। सुदामा नरवरे/9 फरवरी 2026