- सेंसेक्स 418 अंक बढ़कर 83,999 पर, निफ्टी 25,922 पर मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार सुबह जोरदार तेजी के साथ सप्ताह की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में निवेशकों का सकारात्मक रुख साफ दिखाई दिया और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले। बीएसई सेंसेक्स करीब 418 अंकों की तेजी के साथ 83,999 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी 50 लगभग 123 अंकों की बढ़त के साथ 25,816 के आसपास खुला। शुरुआती सत्र में निफ्टी ने 25,922 का इंट्रा-डे हाई भी छुआ, जिससे बाजार में मजबूती का संकेत मिला। बाजार की इस तेजी के पीछे भारत और अमेरिका के बीच जारी संयुक्त बयान और अंतरिम व्यापार समझौते (आईटीए) की अहम भूमिका रही। 6 फरवरी 2026 को जारी इस बयान में व्यापार ढांचे को लेकर स्पष्टता सामने आई, जिससे टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता काफी हद तक कम हुई है। इससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार को नई दिशा मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के हालिया फैसले ने भी बाजार की धारणा को मजबूती दी। भारत से होने वाले निर्यात पर लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ हटा लिया गया है, जो पहले रूस से तेल खरीद के चलते लगाया गया था। भारत द्वारा रूसी तेल आयात सीमित करने और अमेरिका से ऊर्जा खरीद बढ़ाने के संकेत को द्विपक्षीय व्यापार संबंधों के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। घरेलू बाजार खुलने से पहले ही गिफ्ट निफ्टी ने तेजी के संकेत दे दिए थे। सुबह करीब 7 बजे यह 25,938 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसके अलावा एशियाई बाजारों में आई मजबूती, खासकर जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजारों की तेजी ने भारतीय बाजार को सहारा दिया। शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में आई मजबूत तेजी का असर भी भारतीय बाजार पर साफ दिखा। वैश्विक बाजारों से मिले इस पॉजिटिव संकेत ने घरेलू निवेशकों का उत्साह और बढ़ा दिया। सतीश मोरे/09फरवरी ---