व्यापार
09-Feb-2026
...


- सोने का भाव 549 रुपए तेज, चांदी भी 9752 रुपए उछली नई दिल्ली (ईएमएस)। इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोना और चांदी के वायदा कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में मजबूती देखने को मिल रही है। सोमवार को घरेलू बाजार में सोने के वायदा भाव करीब 1,58,000 रुपये, जबकि चांदी के वायदा भाव लगभग 2,62,750 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रेक्ट 549 रुपये की तेजी के साथ 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 1,55,451 रुपये था। कारोबार के दौरान सोने का भाव 2,500 रुपये की बढ़त के साथ 1,57,951 रुपये तक पहुंच गया। इस दौरान सोने ने दिन का उच्च स्तर 1,58,500 रुपये और निचला स्तर 1,55,546 रुपये छू लिया। बीते महीने सोने के वायदा भाव 1,80,779 रुपये के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचे थे। वहीं चांदी के वायदा भाव में भी मजबूत तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का मार्च कॉन्ट्रेक्ट 9,752 रुपये की बढ़त के साथ 2,59,887 रुपये प्रति किलो पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 2,49,892 रुपये था। इस समय चांदी का भाव 12,847 रुपये की तेजी के साथ 2,62,739 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान चांदी ने 2,64,885 रुपये का उच्च और 2,59,887 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल चांदी का सर्वोच्च स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में मजबूती बनी हुई है। कॉमेक्स पर सोना 5,003.60 डॉलर प्रति औंस पर खुला और कारोबार के दौरान 60.50 डॉलर की तेजी के साथ 5,040.30 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर का उच्चतम स्तर छुआ है। वहीं चांदी 78.10 डॉलर प्रति औंस पर खुली और 4.08 डॉलर की बढ़त के साथ 80.98 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी का उच्चतम स्तर 121.79 डॉलर प्रति औंस रहा है। सतीश मोरे/09फरवरी ---